सिटी पुलिस ने लूट की वारदातें करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को काबू कर उनके पास से एक राइफ़ल, एक पिस्टल दो कारतूस व तेजधार हथियार बरामद कर विभिन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इन पकड़े गए आरोपियों के अलावा एक अन्य पांचवां आरोपी अंधेरे का फ़ायदा उठाकर फ़रार हो गया।
एसपी मनजीत सिंह बराड़ ने पत्रकारों को बताया कि सिटी थाना प्रभारी गुरजीत सिंह के दिशा निर्देश पर एएसआई स्वर्ण सिंह पुलिस पार्टी सहित राजपुरा अंबाला राष्ट्रीय राज मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि लूट करने वाले गिरोह के कुछ लोग स्कार्पियो गाड़ी में बैठकर लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मिडवे ढाबे के नजदीक खड़ी स्कार्पियों को घेरकर तलाशी लेनी शुरू की उसमें सवार पांच लोगाें में से एक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया जबकि पुलिस ने बाकी चारों लोगाें से पूछताछ की तो उनकी गिरोह की बढ़ी वारदातों का पता चला।
एसपी बराड़ ने बताया कि पकड़े गए अमरीक सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी डूगरी लुधियाना, गुरविंद्र सिंह उर्फ रोडा पुत्र गुरमीत सिंह निवासी राएपुर माजरी फतेहगढ़ साहिब, तरसेम सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी बोड़ फतेहगढ़ साहिब, कुलदीप सिंह पुत्र सुच्चा सिंह निवासी माजरी रोपड़ से पुलिस को एक देसी पिस्तौल 2 कारतूस, एक राइफल 315 बोर तीन कारतूस, एक चाकू व तेजधार हथियार बरामद हुए हैं। आरोपियों का एक और साथी राजा जो पिस्तौल सहित अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।