पंजाब के पटियाला के नाभा में पुलिस मुलाजिम की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पांच से छह हमलावरों ने कांस्टेबल पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
नाभा में रविवार रात मैहस गेट चौक के पास एक कांस्टेबल का तेजधार हथियारों से हमला कर कत्ल कर दिया गया। हमले में कांस्टेबल का भाई भी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमनदीप सिंह निवासी पुडा कॉलोनी नाभा के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि अमनदीप सिंह पटियाला की ऑफिसर काॅलोनी पुलिस चौकी में तैनात था।
विज्ञापन
अमनदीप सिंह अपने भाई नवदीप सिंह के साथ रविवार रात मैहस गेट चौक के पास मौजूद था। अमनदीप सिंह की किसी व्यक्ति से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। जिसके बाद उस व्यक्ति ने अपने कुछ साथियों को बुलाया और इस कत्ल की वारदात को अंजाम दे दिया। हमलावर पांच से छह बताए जा रहे हैं, जिन्होंने किरचों के साथ कांस्टेबल व उनके भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान छाती पर किरच के साथ कई वार लगने से कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई। उनके भाई के सिर पर किरच से वार किए गए। डाॅक्टरों के मुताबिक नवदीप की उनकी हालत गंभीर है। सिर पर कई टांके आए हैं।
डीएसपी नाभा गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि मामूली तकरार के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया है। इस मामले में दो लोगों को राउंडअप कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि अमनदीप संह को दो महीने पहले ही बेटा हुआ था। उनके पिता मार्केट कमेटी नाभा से रिटायर हुए हैं। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार वालों के मुताबिक अमनदीप सिंह ने सोमवार को गणतंत्र दिवस की परेड में भी जाना था।