धर्मकोट के अंतर्गत कोट ईसेखां मार्ग स्थित गांव कोट सदर खां में पेट्रोल पंप के पास सोेमवार शाम दो बाइकों में टक्कर हो गई। इस हादसे में एसडीएम कार्यालय धर्मकोट में तैनात मोटर ट्रांसपोर्ट क्लर्क (एमटीसी) और एक निर्माण ठेकेदार की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मृतकों के खिलाफ क्रास केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे हवलदार रछपाल सिंह ने बताया कि घायल तलविंदर सिंह के बयान पर मृतक क्लर्क (एमटीसी) मनदीप कुमार शर्मा और ठेकेदार सुखजिंदर सिंह उर्फ सुखा पर केस दर्ज किया गया है। एमटीसी मनदीप कुमार शर्मा सोमवार शाम लगभग 7 बजे अपनी बाइक पर कोट ईसेखां लौट रहा था।
इस दौरान गांव कोट सदर खां में पेट्रोल पंप के पास लापरवाही से उसके बाइक की किसी अन्य बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में मनदीप कुमार और दूसरे बाइक सवार जिला फाजिल्का के गांव नकेरिया का ठेकेदार सुखजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बाइक पर सवार तलविंदर सिंह और दारा सिंह घायल भी हो गए।
हादसे में मारे गए क्लर्क मनदीप कुमार का कस्बा कोट ईसेखां में अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसडीएम जसपाल सिंह, रीडर जसकरन सिंह, नायब तहसीलदार कुंदन लाल, हरमीत सिंह रीडर डीसी दफ्तर, प्रवीन कुमार, संदीप सिंह, सुपरिंटेंडेंट जोगिंदा सिंह, सब डिवीजनों, डीसी दफ्तर, नगर पंचायत दफ्तर कोट ईसेखां के स्टाफ, धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक नेताओं ने परिवार से दुख सांझा किया है।