शहीद भगत सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और उसके शव पर केरोसीन छिड़ककर जला दिया। पुलिस ने तीनों आरोपी छात्रों को काबू कर छात्र का कंकाल बरामद किया है।
सूत्रों के अनुसार कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक अरविंद कुमार (20) पुत्र विनोद कांती वासी गांव सीतापुर (बिहार) फिरोजपुर-मोगा राजमार्ग स्थित शहीद भगत सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग फाइनल का छात्र था। अरविंद छह जून की रात से कॉलेज से लापता था। सात जून को कॉलेज मैनेजमेंट ने थाना कुलगढ़ी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
अरविंद के गुम होने की सूचना उसके परिजनों को दी गई। अरविंद अपने दोस्त दीपक कुमार वासी झारखंड, अमित वासी पटना और राकेश कुमार वासी बिहार के साथ एक रूम में रहता था। अरविंद के लापता होने पर पुलिस ने तीनों से पूछताछ की।
तीनों की निशानदेही पर अरविंद कुमार की लाश कॉलेज के पीछे सुनसान इलाके में सीवरेज की हौदी से बरामद हुई। शव बुरी तरह जल चुका था। पुलिस को सिर्फ कंकाल ही मिला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि तीनों दोस्तों ने छह जून को अरविंद को पार्टी देने के बहाने कॉलेज से बाहर एक ढाबे पर बुलाया था।
वहां खाने-पीने के बाद उसे कॉलेज के पीछे सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी और लाश जलाकर सीवरेज की हौदी में फेंक दी। आशंका जाहिर की जा रही है कि दीपक की गर्लफ्रेंड के साथ अरविंद की दोस्ती हो गई थी, जो दीपक सहन नहीं कर सका।
अरविंद के पिता विनोद कांती ने बताया कि अरविंद ने फोन कर पैसे मांगे थे जो उन्होंने उसे पहुंचा दिए थे। सात जून को जब उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो उसका फोन बंद आ रहा था। उन्हें कॉलेज से सूचना मिली कि अरविंद लापता है।
विनोद ने बताया कि वे अरविंद की फोटो लेकर फिरोजपुर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शनिवार को उसका कंकाल बरामद किया है।
विनोद ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसके बेटे की हत्या करने वालों को कड़ी सजा दी जाए। डीएसपी सतनाम सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।