आरोपी की थार और मृतका की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला में गांव सिद्धूवाल के नजदीक राजीव गांधी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पास भयानक एक्सीडेंट हुआ। यहां एक तेज रफ्तार थार ने कहर बरपा दिया। नशे में धुत थार चालक ने रॉन्ग साइड आते हुए स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई और बाइक सवार दो लोगों की टांगें टूट गई। मृतका की पहचान सुखविंदर कौर (45) के तौर पर हुई है। वहीं जो दो लोग घायल हुए हैं वे प्रवासी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त थार गाड़ी का चालक नशे में था। संबंधित थाना बख्शीवाला के इंचार्ज सुखदेव सिंह के मुताबिक आरोपी चालक रणजीत सिंह निवासी गांव सिंबड़ों के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। वह नशे में था या नहीं, इस संबंधी मेडिकल कराया गया है। मृतका की पहचान सुखविंदर कौर (45) के तौर पर हुई है। वह पिछले करीब 12 साल से थापर यूनिवर्सिटी में केयर टेकर का काम कर रही थी और गांव हिरदापुर की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक सोमवार रात जिस समय हादसा हुआ, वह एक्टिवा पर सवार होकर अपनी नाइट ड्यूटी पर ही जा रही थी। बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे। हादसे के बाद लोगों ने थार चालक को पकड़ लिया और जमकर पीटा भी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। वहीं आरोपी के दोनों साथी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी थार चालक एनआरआई है। वहीं पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पटियाला के सरकारी राजिंदरा हॉस्पिटल भेजा है।
लोगों ने बताया कि थार सवार लोग नशे में थे। पकड़ा गया युवक एनआरआई है। मृतक महिला सुखविंदर कौर के घरवालों ने थाने के बाहर हंगामा किया, उनका कहना था कि पुलिस कार्रवाई करने में लापरवाही बरत है। इस मौके पर थाना इंचार्ज सुखदेव ने कहा कि युवक का मेडिकल करवाकर जरूरी कार्रवाई की है।