कौला पार्क स्थित एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर के बाहर एक आढ़ती ने जहर खाकर जान दे दी। थाना सिटी पुलिस ने कंपनी के मैनेजर और सहायक मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिटी में पुलिस के पास दर्ज करवाए बयान में रामदीप सिंगला ने कहा कि उसके पिता धर्मपाल सिंगला (55) ने डीएचएफएल फाइनेंस कंपनी से मकान बनाने के लिए लोन लेने संबंधी फाइल लगाई हुई थी। इसके लिए कंपनी का मैनेजर और अन्य अधिकारी काफी दिनों से टालमटोल कर रहे थे। बुधवार को भी उसके पिता अपने इसी काम के लिए कंपनी के दफ्तर गए थे।
वहां कंपनी के अधिकारियों ने उनसे बदसलूकी की और लोन देने से मना कर दिया। इससे आहत होकर उनके पिता ने जहर खा लिया। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मामले के जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि रामदीप सिंगला के बयान के आधार पर फाइनेंस कंपनी के मैनेजर मुकेश गर्ग और सहायक मैनेजर गगनप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।