बास्केटबाल खिलाड़ी इंद्रप्रीत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के पटियाला में बास्केटबाल जूनियर विंग का एक नेशनल खिलाड़ी नहर में बह गया। दरअसल, बास्केटबाल खिलाड़ी इंद्रप्रीत को तैरना नहीं आता था। यह जानकर भी उसके दोस्तों ने जानबूझकर उसे नहाने के लिए नहर में उतार लिया, जिससे नाबालिग बह गया। अब थाना पसियाना पुलिस ने चारों दोस्तों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
धर्मपाल सिंह निवासी ग्रीन पार्क कालोनी ने पुलिस को बयान दिया है कि उसके 17 साल के लड़के इंद्रप्रीत सिंह को उसके चार दोस्त सरबलंद सिंह निवासी अंबिका एनक्लेव सन्नौरी रोड, आर्यन संधू निवासी संत एनक्लेव सूलर, आदेश प्रताप सिंह निवासी फतेहपुर राजपूतां, अनंत सिंह निवासी गांव दफ्तरी वाला घग्गा देर रात करीब साढ़े 10 बजे घर आकर अपने साथ कार में ले गए थे।
दोस्तों ने कहा कि कोई जरूरी काम है। जब दो घंटे तक उनका लड़का वापस नहीं आया तो वह तलाश करते हुए भाखड़ा नहर के पास पहुंचे। वहां देखा कि नहर की पटरी पर आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठे थे। जब धर्मपाल ने आरोपियों से अपने लड़के के बारे पूछा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके लड़के को जानबूझकर नहर में नहाने के लिए मजबूर किया, जबकि उन्हें पता था कि उसे तैरना नहीं आता है। जिस कारण लड़का नहर में बह गया। इंद्रप्रीत का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने चारों दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बास्केटबाल जूनियर विंग का नेशनल खिलाड़ी है इंद्रप्रीत
थाना पसियाना के अधीन भाखड़ा नहर में डूबने वाला 17 साल का नौजवान इंद्रप्रीत सिंह बास्केटबाल जूनियर विंग का नेशनल खिलाड़ी था, जबकि पिता धर्मपाल सिंह पंजाब पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। धर्मपाल सिंह के मुताबिक उनका बेटा आर्मी स्कूल में 12वीं क्लास का छात्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था। पिता ने आरोप लगाए हैं कि उनके लड़के को नहर में धक्का दिया गया है।