गुरबख्श कालोनी गली नंबर सात से पिछली 18 मार्च से लापता बाबा परवीन गिरी का कत्ल हो चुका है। इस वारदात को अंजाम देने का आरोप केस में नामजद गुरप्रीत सिंह उर्फ काका सन्नौरी निवासी सन्नौर और दो साथियों पर है। कोतवाली थाना पुलिस ने केस को हल करते हुए काका सन्नौरी के साथ दो आरोपियों को काबू कर लिया है।
पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से लाश की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बाबा परवीन गिरी को जिंदा ही भाखड़ा नहर में फेंक दिया था, क्योंकि काका सन्नौरी को परवीन गिरी के साथ रंजिश थी। परवीन ने काका सन्नौरी के भाई की पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी।
कोतवाली थाना इंचार्ज राजेश शर्मा ने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 9 बजे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ काका सन्नौरी निवासी सन्नौर, संजय उर्फ संजू निवासी खालसा कालोनी सन्नौर और विक्की सिंह उर्फ विक्की निवासी गांव खुडा थाना सन्नौर सभी मिलकर परवीन गिरी को कार में बिठाकर परमजीत कौर निवासी अबलोवाल के घर भूत निकालने के बहाने ले गए थे।
वहां जाकर इन सभी ने परवीन गिरी के हाथ-पैर बंाध दिए और साजिश के तहत कार में ले जाकर अबलोवाल के पास भाखड़ा नहर में फेंक दिया। दरअसल काका सन्नौरी ने परवीन गिरी को फरवरी 2017 में अपने भाई अमरजीत सिंह की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करते देख लिया था। तब से वह परवीन के साथ रंजिश पाले था।
वारदात में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। आरोपी परमजीत कौर की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने काका सन्नौरी व विक्की सिंह को काबू कर लिया है। जबकि संजय उर्फ संजू अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक काका सन्नौरी और विक्की सिंह ने माना है कि 22 जून 2016 को अजय कुमार निवासी गांव ललीना थाना सन्नौर को अपने साथ मोटरसाइकिल पर लेजाकर गांव ढैंठल के नजदीक भाखड़ा नहर में हाथ-पैर बांध कर फेंक दिया था। दरअसल अजय कुमार को काका सन्नौरी ने अपनी पत्नी के साथ एतराजयोग्य हालत में देख लिया था। काका सन्नौरी के साथ अजय कुमार जागरणों में गाने का काम करता था।