सभी केंद्र, फूफे की जगह फूफा किया है
बहू से अश्लील हरकत करने से रोका तो फूफा का कत्ल
रिश्ते हुए तार-तार, आरोपी दो सगे भाइयों खिलाफ केस दर्ज
थाना पसियाना के अधीन पड़ते गांव राजगढ़ में हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। बहू के साथ अश्लील हरकत करने से रोकने पर दो सगे भाइयों ने अपने फूफा के सिर में घोटना मार उसका कत्ल कर दिया। थाना पसियाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भाइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गांव राजगढ़ के रहने वाले अमनदीप सिंह ने थाना पसियाना पुलिस के पास बयान दिया है कि उनके गांव में ही रहने वाला उसके मामा का लड़का गुरप्रीत सिंह उसकी पत्नी प्रीत कौर पर बुरी नजर रखता था। छह फरवरी की रात करीब आठ बजे आरोपी गुरप्रीत सिंह ने उसकी पत्नी के साथ पहले अश्लील हरकतें कीं और फिर धक्के के साथ उसको गली में अपने घर में खींचने की कोशिश की। पत्नी ने इसका विरोध किया और शोर मचाया। शोर सुनकर शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह का पिता बलजीत सिंह (53) घर से बाहर आ गया। पिता ने बहू के साथ अश्लील हरकतें करने पर आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ विरोध जताया। जिससे गुस्से में लाल हुआ गुरप्रीत सिंह अपने घर अंदर गया और साग घोटने वाला लकड़ी का घोटना उठा लिया। गुरप्रीत सिंह के साथ उसका भाई वरिंदर सिंह भी था। गुरप्रीत सिंह ने आव देखा न ताव घोटना उठाकर अपने फूफा बलजीत सिंह के सिर में दे मारा। जिससे खून से लथपथ होकर बलजीत सिंह जमीन पर गिर गया। गंभीर हालत में उसे पटियाला के अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे चंडीगढ़ के सेक्टर 32 के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां इलाज दौरान बलजीत सिंह की वीरवार को मौत हो गई। पुलिस ने अब मामले में मृतक बलजीत सिंह के बेटे अमनदीप सिंह के बयान पर उसके मामा के लड़कों गुरप्रीत सिंह व वरिंदर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।