नाबालिग से मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिले की ऑफिसर कालोनी के एक घर में घरेलू कामकाज करने वाली एक नेपाली मूल की लड़की से मारपीट करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक मारपीट की शिकार यह लड़की मात्र 12 साल की है। उससे घर का काम कराया जाता था जो लेबर एक्ट का भी उल्लंघन है। मारपीट के कारण इस लड़की के शरीर के कई हिस्सों पर चोटें लगी हैं। जब समाज सेवक शमिंदर सिंह को इस बात पता लगा तो उन्होंने इस लड़की को छुड़वाया और तुरंत चाइल्ड प्रोटेक्शन दफ्तर को सूचित कर दिया। इसके बाद चाइल्ड प्रोटेक्शन दफ्तर से अधिकारी जसविंदर कौर पहुंचीं। वह इस नाबालिग लड़की को अपने साथ दफ्तर ले आईं। जसविंदर कौर ने बताया कि वह इस लड़की की सबसे पहले काउंसलिंग करेंगे और उसके बाद ही आगे कोई कार्रवाई की जाएगी।