वीजा काउंसलिंग सेंटर के छह लोगों समेत 15 पर केस
एसएसपी की रिहायश के सामने लीला भवन में गोली चलने का मामला
पैसों के लेनदेन को लेकर नवांशहर के किसान और बेटे के साथ मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने एसएसपी की रिहायश के सामने लीला भवन में गोली चलने के मामले में कार्रवाई करते हुए वीजा काउंसलिंग सेंटर के छह लोगों समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
थाना सिविल लाइन के इंचार्ज सिमरजीत सिंह ने बताया कि गांव उतापड़, नवांशहर के किसान सुरिंदर सिंह ने पटियाला के लीला भवन स्थित वीजा काउंसलिंग सेंटर वालों को पांच लाख रुपये दिए थे। पैसे लेकर भी इन लोगों ने किसान का वीजा नहीं लगवाया। पैसे वापस मांगने पर सेंटर वालों ने किसान को जो चेक दिया वह भी बाउंस हो गया। मंगलवार शाम को किसान सुरिंदर सिंह और उसका बेटा इंद्रजीत सिंह जब पैसे मांगने के लिए सेंटर पहुंचे तो सेंटर के लोगों ने इंद्रजीत सिंह के साथ लीला भवन में मारपीट की। इस दौरान हवाई फायर भी किए गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई हुए वीजा सेंटर के गुरप्रीत सिंह, हरमिंदर सिंह, गीत दीप सिंह, करनदीप सिंह, परमिंदर सिंह, मेजर सिंह के अलावा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।