बच्चे का पता लगाने में पुलिस फेल
सरकारी माता कौशल्या अस्पताल से नवजात की चोरी का मामला
शिवसेना हिंदुस्तान ने पीड़ित परिवार को लेकर की सेहत मंत्री ब्रह्म महिंदरा से मुलाकात
कहा, दो दिनों में संतोषजनक कार्रवाई न हुई, तो एसएसपी दफ्तर का घेराव करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मालवा क्षेत्र के जाने-माने सरकारी माता कौशल्या अस्पताल से नवजात शिशु चोरी हुए पांच दिन बाद भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। शनिवार को शिवसेना हिंदुस्तान के पदाधिकारियों ने माता कौशल्या अस्पताल से अगवा नवजात बच्चे के परिवार को लेकर सेहत मंत्री ब्रह्म महिंदरा से मुलाकात की। शिव सैनिकों ने मंत्री से मामले को लेकर पुलिस पर दवाब बनाने की मांग की।
इस मौके पर शिवसेना हिंदुस्तान के कार्यकारी जिला प्रधान विनीत सहगल और महिला शाखा की जिला चेयरपर्सन रेणु कुमारी ने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस ने अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की है। जिस कारण अगवा बच्चे के परिवार के लोग काफी दुखी हैं। शिव सेना ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन में पुलिस ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की, तो सोमवार को एसएसपी आफिस का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर आईटी सेल के जिला प्रधान पवन सडाना तथा अन्य शिव सैनिक उपस्थित थे।
उधर एसपी (डी) हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि पुलिस की ओर से मामले में पूरी गंभीरता के साथ जांच को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। चोर महिला के तैयार कराए स्कैच के आधार पर संदिग्ध महिलाओं को राउंडअप करके उनसे पूछताछ की जा रही है। लेकिन अभी कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। सीसीटीवी फुटेज क्लीयर न होने से भी दिक्कत आ रही है। लेकिन पुलिस द्वारा जल्द आरोपी महिला को पकड़ लिया जाएगा।