मामले में डीसी ने मेजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए
युवकों को पीटने और अश्लील हरकतें करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना सन्नौर के सहायक थानेदार नरिंदर सिंह की ओर से गुरुद्वारे जा रहे सात युवकों को रोककर उन्हें पीटने और थाने ले जाकर कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकतें करने के मामले में मंगलवार को डीसी कुमार अमित ने मेजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए। डीसी ने यह आदेश एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू की ओर से की सिफारिश के बाद जारी किए हैं। डीसी ने बताया कि इस मामले की मेजिस्ट्रियल जांच संबंधित सब डिवीजन मेजिस्ट्रेट करेंगे। गौरतलब है कि इस मामले में एक युवक काफी घायल है, जो सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
हालांकि इस मामले के सोमवार को सामने आने के बाद एसएसपी सिद्धू ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई नरिंदर सिंह को मुअत्तल करके उसे लाइन हाजिर कर दिया था। साथ ही एसपी (सिटी) केसर सिंह को मामले की जांच करके तीन दिनों में रिपोर्ट देने को भी कहा गया था। लेकिन इस मामले के मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद मंगलवार को एसएसपी ने डीसी को पत्र भेजकर सिफारिश कर दी। एसएसपी ने डीसी को भेजे पत्र में लिखा है कि यह मामला जनता के साथ दुर्व्यवहार का होने के कारण इसके असली कारणों का पता लगाने के लिए मेजिस्ट्रियल जांच करानी ही उचित रहेगी। जिसके बाद डीसी ने मामले में मेजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए।