आठ दिन के बाद लापता युवक का मिला शव
शनाह के नजदीक सतलुज के किनारे मिला शव
परिजनों ने जताई थी युवक की हत्या की आशंका
रामपुर बुशहर। निरमंड खंड के खनोटा गांव से आठ दिनों से गायब युवक को तलाश करने में आनी और ब्रौ पुलिस की टीम ने कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शनाह नामक स्थान पर सतलुज के किनारे उक्त युवक का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अब रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरमंड तहसील के खनोटा गांव का युवक जनेश कुमार (22), पुत्र गुप्त राम, गांव खनोटा, तहसील निरमंड 31 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाने घर से निकला था। उसने अपने दोस्तों को पार्टी देने का निमंत्रण भी दिया, लेकिन 31 जुलाई की शाम को वह गायब हो गया। आखिरी बार 31 जुलाई को उसने अपने जीजा शेर सिंह को फोन किया और उसके साथ मारपीट होने की बात कही। उसने अपने जीजा को काजू खड्ड आने को कहा। इसके बाद जब जनेश का जीजा काजू खड्ड पहुंचा तो युवक वहां पर नहीं था और न ही उसका फोन लगा। तीन दिन बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने शनिवार को पुलिस थाना ब्रौ में अपहरण करने का मामला दर्ज करवाया। जब युवक के परिजन ने उसकी हत्या की भी आशंका जताई तो पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन छेड़ा। पुलिस युवक के फोन की लास्ट लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालने में जुटी रही। आखिर ब्रौ थाना पुलिस के टीम ने मंगलवार को उक्त युवक का शव शनाह के पास बरामद किया।
वहीं इस संबंध में ब्रौ थाना प्रभारी धर्म सिंह के अनुसार उक्त युवक का शव सतलुज के किनारे से शनाह के पास बरामद किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।