मलयेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों ठगे
मोबाइल कंपनी की जगह गत्ता फैक्टरी में लगवा दिया
हरियाणा के एक व्यक्ति समेत दो आरोपी नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। मलयेशिया की मोबाइल कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर हरियाणा में करनाल के रहने वाले एक व्यक्ति समेत दो लोगों की ओर से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। पातड़ां थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में तलविंदर सिंह निवासी बोड़ी जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा ने बताया आरोपी अजय बांसल निवासी पातड़ां और हरविंदर सिंह निवासी रूमाना करनाल (हरियाणा) ने उसे मलयेशिया भेजने का झांसा देकर एक लाख 40 हजार रुपये ले लिए और वहां मोबाइल कंपनी में काम दिलाने का वादा किया। आरोपियों ने मलयेशिया भेजकर गत्ता फैक्टरी में काम कराया। इसी तरह से आरोपियों ने और भी कुछ लोगों से चार लाख 50 हजार रुपये लेकर उनके साथ भी ठगी की। आरोपियों ने करीब छह लाख की ठगी की है। इस बयान के आधार पर जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों को नामजद कर लिया है। लेकिन अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 10.82 लाख रुपये हड़पे
पटियाला। ज्यादा मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति की ओर से निवेशकर्ता के 10 लाख 82 हजार 500 रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धर्मपाल निवासी अर्बन अस्टेट ने पुलिस पास बयान दिया है कि आरोपी धरमिंदरा निवासी बिहार ने उसे ज्यादा मुनाफा देने का लालच देकर उससे अपने खाते में 10 लाख 82 हजार 500 रुपये डलवा लिए। लेकिन बाद में मुनाफा तो क्या देना था, निवेश कराए पैसे भी वापस नहीं किए।