राजपुरा के नजदीक नेशनल हाईवे पर वीरवार देर रात अज्ञात व्यक्तियों की ओर से सामान समेत लूटा गया ट्रक पटियाला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस केस में आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि वीरवार मध्यरात्रि के बाद करीब 12 बजकर 25 मिनट पर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजपुरा के नजदीक नेेशनल हाईवे पर काका ढाका के पास अज्ञात व्यक्तियों की ओर से ट्रक छीना गया है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए यह सूचना जिले के सारे पुलिस स्टेशनों और साथ के जिलों को भी जारी करके अलर्ट कर दिया गया था।
एसएसपी ने बताया कि इस संबंधी अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भरे ट्रक की लूट करने संबंधी एफआईआर पुलिस थाना सिटी राजपुरा में दर्ज की गई है। इस ट्रक की कीमत इसमें लोड कागजों के बंडलों समेत करीब 23 लाख रुपये बनती थी। एसएसपी ने बताया कि राजपुरा पुलिस ने इस संबंध मे तुरंत कार्रवाई करते हुए उसी रात सामान के साथ भरे ट्रक को फोकल प्वाइंट के नजदीक से बरामद कर लिया।
पूछताछ दौरान इसी ट्रक के ड्राइवर भगत सिंह निवासी गांव कौली जिला पटियाला को ट्रक छीनने का मुख्य आरोपी पाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर ने यह कहानी बुरी मंशा के साथ बनाई ताकि वह ट्रक में लोड कागजों के बंडलों को बाजार में बेच कर खुद पैसा बना सके। एसएसपी ने कहा कि मामले में अभी जांच जारी है।