दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या की
पति, जेठ-जेठानी समेत चार लोग नामजद, फिलहाल गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना बनूड़ के अधीन पड़ते गांव हुलका में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की उसके ही ससुरालियों ने गला दबा कर हत्या कर दी। पुलिस ने विवाहिता के भाई के बयान पर पति, जेठ-जेठानी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
नछतर सिंह निवासी गांव अलंमदीपुर ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसकी बहन सरबजीत कौर (35) की शादी गांव हुलका के रहने वाले जसमिंदर सिंह के साथ कुछ साल पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा। लेकिन बाद में ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए तंग करना शुरू कर दिया। कई बार पंचायत के जरिये दोनों पक्षों में समझौता भी कराया गया। लेकिन बाद में फिर से ससुराल वाले दहेज के लिए लड़की को तंग करने लगे। इसी बीच विवाहिता सरबजीत कौर का गला दबाकर ससुरालियों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने भाई के बयान पर विवाहिता के पति जसमिंदर सिंह, जेठ गुरमेल सिंह, जेठानी बलबीर कौर और एक अन्य महिला सुरिंदर कौर निवासी गांव कानीमाजरा घन्नौर के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।