पैसों के विवाद में दो भाईयों पर हमला, 17 पर केस
घायल सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल, फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
जिले के राघोमाजरा क्षेत्र में पैसों के विवाद को लेकर दूध की डेयरी चलाने वाले दो सगे भाइयों पर डेयरी चलाने वाले एक अन्य व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। फिलहाल दोनों भाई सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इंद्रप्रीत सिंह समेत 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामले के जांच अधिकारी डिवीजन नंबर दो के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि मनप्रीत सिंह (23) निवासी गुरू नानक गली नजदीक पुरानी सब्जी मंडी अपने भाई अमनप्रीत सिंह (25) के साथ राघोमाजरा पुली के पास पीली सड़क पर डेयरी चलाता है। इन दोनों भाइयों का पिता पिछले एक साल से लापता है। इनकी डेयरी के पास ही में इंद्रप्रीत सिंह का नाम का व्यक्ति भी दूध की डेयरी चलाता है। इंद्रप्रीत सिंह ने मनप्रीत और उसके भाई से कहा कि उसके पिता को उनके पिता को कुछ पैसे दिए थे। इसलिए अब वह अपने पिता की जगह उनका पैसा वापस करें। जब दोनों भाइयों ने पैसा देने से मना कर दिया, तो आरोपी ने उनसे मोटरसाइकिल की चाभी मांगी। लेकिन जब दोनों नेे इसके लिए भी मना कर दिया तो नाराज इंद्रप्रीत सिंह निवासी पिपल वाली गली राघोमाजरा अपने साथी अनमोल सिंह, हरप्रीत सिंह, इंद्र कंबोज, गुरतेज सिंह, लखविंदर सिंह, पैक्सी और 10 अज्ञात लोगों के साथ उनकी डेयरी पर आया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने दोनों के सिर में खाली दूध की बोतलें मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों को राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को नामजद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।