पटियाला। जिले में अब कोरोना मरीजों के इलाज में ऑक्सीजन की कमी आड़े नहीं आएगी। ऑक्सीजन की निर्विध्न सप्लाई बनाए रखने के लिए चार ऑक्सीजन यूनिट लगाने का खाका तैयार कर लिया गया है। इनमें से सरकारी माता कौशल्या अस्पताल में लगने वाले दो यूनिटों में से एक का काम शुरू भी कर दिया गया है। अधिकारियों को इस काम को डेढ़ महीने में पूरा करने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक डिफेंस रिसर्च और डेवलपमेंट आर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) और नाभा पावर की ओर से एक-एक यूनिट माता कौशल्या अस्पताल में लगाया जा रहा है। वहीं, टोरेंट गैस की ओर से सीएच नाभा में और सरबत दा भला ट्रस्ट की ओर से मॉडल टाउन में ऑक्सीजन यूनिट लगाए जा रहे हैं। माता कौशल्या अस्पताल में लगाए जा रहे 10 हजार लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाले मेडिकल ऑक्सीजन यूनिट का काम शुरू हो चुका है। इस पर 10 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
यूनिट लगाने के लिए प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है। उसके बाद मशीनरी लगाकर जल्द ही यहां पर उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। इसी तरह नाभा पावर लिमिटेड के सहयोग से लगाए जाने वाले प्लांट के लिए भी जगह का चयन कर लिया गया है। रोजाना 50 से 60 सिलेंडर भरने वाले इस छोटे यूनिट का काम जल्द शुरू हो जाएगा। डीसी कुमार अमित ने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ऑक्सीजन यूनिटों के काम को तय समय से पहले पूरा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।