पटियाला में अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते ठेका मुलाजिम।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में लंबे समय से ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों ने अपने साथ हो रहे शोषण के खिलाफ लोगों में पर्चे बांटे। इसके जरिये ठेका मुलाजिमों ने लोगों को सरकार की गलत नीतियों के बारे में जागरूक किया। मुलाजिम सांझी एक्शन कमेटी पंजाब के बैनर तले यह कदम उठाया गया। ठेका मुलाजिम एक्शन कमेटी के प्रदेश उप प्रधान प्रवीण शर्मा, जसदेव सिंह जिला प्रधान ने कहा कि सरकार की ओर से कर्मचारियों को बहुत ही कम तनख्वाहें देकर अपने दफ्तरों के सारे कामकाज पूरे कराए जा रहे हैं। लेकिन कभी भी इन कर्मचारियों के भविष्य के बारे में कोई फैसला नहीं लिया गया।
प्रदेश सरकार की पालिसी के मुताबिक तीन साल काम करने वाले कर्मचारियों को रेगुलर किया जाना बनता है व सरकार की ओर से पिछले समय दौरान ठेके पर तीन साल काम करने वाले 20 हजार अध्यापकों को पक्का कर दिया गया है। जब दफ्तरी अमले की बारी आती है, तो सरकार चुप्पी साध जाती है। मुलाजिमों ने इस मौके पर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सरकार कीगलत नीतियों के बारे में पर्चे बांटे। चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ठेका मुलाजिमों को पक्का करने का एलान नहीं किया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार को एक मांग पत्र भी दिया गया।