लोहा नगरी में नगर काउंसिल के बाथरूम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड के टायलेट सेरोष मार्च नगर काउंसिल तक निकाला और गेट पर रोष धरना दिया।
रोष धरने की अगुवाई कर रहे गुरजीत सिंह खालसा, जगजीत सिंह जग्गी, रघवीर सिंह, मेहर सिंह, किशोर चंद, बलवीर सिंह, मनमोहन सिंह, बृज लाल शर्मा ने बताया बस स्टैंड, कचहरी, गौशाला रोड, हास्पिटल रोड समेत अन्य जगहों पर काउंसिल के बाथरूमों की हालत इस कदर दयनीय हो चुकी है कि कोई भी व्यक्ति बदबू व गंदगी से भरी टायलेट सीटों को देखकर बेहोश हो सकता है।
कुछ दिन पहले वह नगर काउंसिल के अधिकारियों को शहर के सभी टायलेट बाथरूम की दयनीय हालात बारे बता चुके हैैं। बस स्टैंड के बाथरूम की सफाई करने की बजाय उसकी गंदगी को मलबे से ढक दिया गया। बस स्टैंड के महिला बाथरूम पर ताला लगा है और बस से उतरी महिला सवारी को मजबूरन पुरुष बाथरूम में जाना पड़ता है।
चीफ सेनेटरी अफसर विष्णु शर्मा, एएमई गुरप्रीत सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने गेट पर बैठे शहरवासियों को शांत किया और उनकी समस्या जानी। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जो काम अभी हो सकते हैं, उन्हें वह कल ही करवा देंगे और जो काम बड़े बजट के हैं, उन्हें आगामी बैठक में प्रस्ताव डालकर भेजा जाएगा. पास होने पर वह पूरे कर दिए जाएंगे।
इस पर धरनाकारियों ने अपना धरना समाप्त करते हुए कहा कि वह एक ज्ञापन डिप्टी कमिश्नर फतेहगढ़ साहिब को भी सौंपेंगे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई न हुई तो बड़े पैमाने पर शहरवासियों एवं सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर इकट्ठा किया जाएगा।