सुनाम में विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाकर नारेबाजी करते मोहल्ला निवासी।
- फोटो : अमर उजाला
वार्ड नंबर तीन के मोहल्ला कानूनगो के निवासियों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वार्ड में सुबह बनाई गई सड़क बनने के दोपहर में टूट गई। इससे नाराज मोहल्ला निवासियों ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नगर काउंसिल प्रशासन, सीवरेज बोर्ड व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके रोष प्रदर्शन किया। वहीं आप विधायक ने मामला मुख्यमंत्री और स्थानीय निकाय मंत्री सिद्धू तक पहुंचाने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मामले की जानकारी आम आदमी पार्टी के विधायक अमन अरोड़ा को दी। मौके पर पहुंचे विधायक सड़क की हाल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बडे़ स्तर पर घपला हो रहा है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। निर्माण के कुछ घंटों बाद ही सड़क टूटने लगी है। अरोड़ा ने कहा लोगों के खून पसीने की कमाई को इस तरह बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने नगर काउंसिल व सीवरेज बोर्ड को चेतावनी दी कि 48 घंटे के भीतर निर्माण कार्य मापदंड के मुताबिक पूरा कराया जाए। अन्यथा सोमवार को विधानसभा के सेशन के दौरान उक्त मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को सारी स्थिति से अवगत कराया जाएगा। विधायक ने मांग की कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
दूसरी तरफ स्थानीय निवासी सुनील कुमार, तारा चंद, नरिंदर सिंह, पंकज कुमार आदि ने बताया कि मोहल्ले में लंबे समय से पानी की पाइप लाइन लीक है, जिससे घरों की नींव में पानी जा रहा है और घरों में दरारें पड़ रही हैं। नई पाइप लाइन डालने के बाद भी पुरानी से सप्लाई दी जा रही है। पाइप लाइन लीकेज होने के कारण सड़क के किनारे बनने के कुछ देर बाद ही टूट रहे हैं।