गांव अंबेमाजरा की रुद्रा अलॉयज में बीते शनिवार को हुए हादसे में मारे गए चार मजदूरों की मौत का संज्ञान लेते हुए प्रवासी भलाई बोर्ड के चेयरमैन आर सी यादव ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिलकर इस हादसे की जानकारी दी।
सीएम बादल ने जिला फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी और डीसी को इस घटना के कारणों की बारीकी से जांच करने, दोषी ठेकेदारों, प्रबंधकों और मिल मालिकों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए है। यह जानकारी आरसी यादव ने फोन पर दी है।
यादव ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई वह संतुष्ट नहीं है। इससे सिर्फ फर्नेस मैनेजमेंट को ही दोषी पाया जा रहा है, जबकि मिल मालिकों की लापरवाही पर कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया, जिसकी मांग उन्होंने सीएम से भी की है।
यादव ने कहा कि मृतक मजदूरों के आश्रितों को बनता मुआवजा दिलवाने के लिए बहुत जल्द एक प्रतिनिधि मंडल तैयार करवाकर पीड़ित परिवारों की सीएम से भेंट कराई जाएगी। सरकार पीड़ित परिवारों को मुआवजा भी दे सकती है।
प्रवासी भलाई बोर्ड के नवनियुक्त सदस्य कौशल मिश्रा ने बताया कि बुधवार को बोर्ड का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मिलेगा, जिसमें सिविल एवं पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। पीड़ितों को राहत प्रदान करने की तैयारी चल रही है।