पटियाला की सेंट्रल जेल में आयोजित कार्यक्रम में नशों के खिलाफ शपथ लेते सीएमओ डा. राजीव भल्ला व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
सेहत विभाग की ओर से जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी के सहयोग से सेंट्रल जेल में नशा विरोधी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य मेहमान चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट कम सचिव आशीष बांसल ने कहा कि कोई भी धर्म नशा करने की अनुमति नहीं देता। मानसिक तनाव, थकावट और चिंता मुक्ति की भावना नौजवानों को नशे की तरफ धकेलती है। बाद में व्यक्ति इसका आदी हो जाता है। उन्होंने कैदियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह सुधार गृह में स्थापित नशा छुड़ाओ केंद्र में अपना पूरा इलाज कराके नशों से छुटकारा पा सकते हैं।
सिविल सर्जन डा. राजीव भल्ला ने कहा कि नशा एक मीठा जहर है। यह धीरे-धीरे शरीर के अंदरूनी हिस्सों को खत्म कर देता है। उन्होंने नौजवान पीढ़ी को सेहतमंद खुराक खाने, मेहनत करने और अपने काम में लगे रहने की शिक्षा दी। अंत में सभी ने जीवन भर नशा न करने, नशा करने वाले व्यक्ति के संपर्क में आने पर उसका नशा छुड़ाने के लिए हर संभव मदद करने की शपथ ली।