जांच जारी, इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहेअमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पटियाला स्थित रिहायश पर रविवार देर शाम हुई सुरक्षा चूक मामले में सोमवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जांच जारी है और आरोपी तक पहुंचने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले में पटियाला के थाना लाहौरी गेट में सिद्धू के कुक राजू निवासी गुमान कपरोवा यूपी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।
सिद्धू के कुक की शिकायत के मुताबिक वह नवजोत सिंह सिद्धू की पटियाला के यादविंदरा कालोनी स्थित कोठी नंबर 28 में नौकरी करता है। 16 अप्रैल की देर शाम करीब सात बज कर 10 मिनट पर कोठी में पूर्व सांसद डा. धर्मवीर गांधी समेत अन्य कई व्यक्ति आए हुए थे। इसी बीच कुक ने देखा कि अज्ञात व्यक्ति बाहरी साइड से ड्राइंग रूम के शीशे से अंदर झांक रहा था। जब कुक ने बाहर आकर देखा, तो अज्ञात व्यक्ति कोठी की छत पर चढ़कर वहां से फरार हो गया। गौरतलब है कि इस मामले की सूचना खुद नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार रात को ट्वीट करके दी थी। सिद्धू ने लिखा था कि उनके घर की छत पर एक खाकी रंग के कंबल में लिपटा अज्ञात व्यक्ति देखा गया। जैसे ही उनके नौकर ने बाहर निकलकर अलार्म बजाकर मदद के लिए बुलाया। उक्त अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
सिद्धू ने ट्वीट के जरिये इस मामले की शिकायत पंजाब के डीजीपी और पटियाला के एसएसपी को देने की बात भी लिखी थी। साथ ही लिखा था कि सुरक्षा में यह चूक उन्हें पंजाब के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक पाएगी। गौरतलब है कि सिद्धू हाल ही में रोड रेज मामले में सजा काट कर पटियाला जेल से बाहर आए हैं और सरकार की ओर से उनकी सुरक्षा में भी कटौती की गई है।