पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा में रविवार को बड़ी चूक सामने आई। पंजाब के पटियाला स्थित उनके आवास की छत पर रविवार सुबह एक संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने के बाद सिद्धू ने पुलिस को मामले की शिकायत दी है। सिद्धू ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी।
उन्होंने लिखा कि सुबह करीब सात बजे मेरे घर की छत पर कंबल लपेटे एक संदिग्ध व्यक्ति देखा गया। जैसे ही मेरा नौकर बाहर निकला तो उसने अलार्म बजाकर अलर्ट किया। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति भाग निकला। मैंने पंजाब के डीजीपी और पटियाला के एसएसपी से बात की है। सुरक्षा में ऐसी चूक मुझे पंजाब के हक में आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।
उल्लेखनीय है कि रोडरेज के मामले में 10 माह से ज्यादा की सजा काटने के बाद सिद्धू एक अप्रैल को पटियाला जेल से बाहर आए थे। बाहर आने के बाद उनकी सुरक्षा में भी कटौती कर दी गई थी। सिद्धू ने एक कार्यक्रम में कहा था कि वह सुरक्षा कम करने से घबराने वाले नहीं हैं और पंजाब के हित में आवाज उठाते रहेंगे। अभी पंजाब पुलिस ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिद्धू ने यह भी कहा था कि जो मूसेवाला के साथ हुआ... वहीं मेरे साथ किया जा रहा है।
सुरक्षा कम करने पर नवजोत कौर ने जताई थी नाराजगी
इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा कम करने पर उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। डॉ. सिद्धू ने कहा था कि अगर उनके पति को कुछ होता है तो सीएम भगवंत मान सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। नवजोत कौर ने यह भी आरोप लगाया था कि सीएम मान ने अपने प्रियजनों की सुरक्षा बढ़ा दी है लेकिन वह दूसरों के प्रति भी जिम्मेदार रहें। खासतौर से उनके प्रति जो राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और सच्चाई के रास्ते पर चलते हैं। उन्होंने कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई के एक बयान में नवजोत सिंह सिद्धू का जिक्र होने के बावजूद सरकार ने उनकी सुरक्षा में कटौती कर दी है। ऐसे में किसी भी नुकसान के सीधे तौर पर आप जिम्मेदार होंगे।