पटियाला। पेट्रोल की बोतल लेकर लीला भवन स्थित बीएसएनएल के टावर पर चढ़े ईटीटी टेट पास बेरोजगार अध्यापकों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। उधर दूसरे दिन भी बेरोजगार अध्यापक मोबाइल टावर पर डटे रहे। उन्होंने कहा कि पर्चे दर्ज किए जाएं या उनपर मानसिक दबाव डाला जाए, वे पीछे नहीं हटेंगे।
जानकारी के अनुसार बीएसएनएल दफ्तर लीला भवन के असिस्टेंट जनरल मैनेजर नीरज जिंदल निवासी मानसाहिया कालोनी की शिकायत पर टावर पर चढ़े हरजीत सिंह निवासी बरनाला और सुरिंदरपाल सिंह निवासी गुरदासपुर के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि बेरोजगार अध्यापक बिना अनुमति बीएसएनएल दफ्तर के मेन गेट से अंदर घुसकर टावर पर चढ़ गए। वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ ही आत्महत्या की धमकी दे रहे हैं।
वहीं उधर बेरोजगार ईटीटी टेट पास अध्यापक यूनियन के प्रदेश प्रधान दीपक कंबोज, सीनियर उप प्रधान संदीप सामा और निर्मल जीरा ने कहा कि सारी जत्थेबंदी टावर पर चढ़े बेरोजगार अध्यापकों के साथ खड़ी है। पुलिस प्रशासन द्वारा टावर पर चढ़े साथियों के खिलाफ कोई भी सख्त कार्रवाई करने की कोशिश की गई तो पटियाला में किसी भी समय कोई गुप्त एक्शन किया जा सकता है। इस दौरान बेरोजगार अध्यापकों ने 28 मार्च को मोती महल का घेराव करने का एलान किया।