सिविल सर्जन डा. राजीव भल्ला ने कहा कि कैंसर के फैलने का मुख्य कारण तंबाकू व शराब का सेवन, ज्यादा मसालेदार भोजन का सेवन करना और महिलाओं का पहला बच्चा बड़ी उम्र में होना आदि माने जाते हैं।
अगर हम उन कारणों पर काबू पाने के लिए जागरूक हो जाएं, तो काफी हद तक कैंसर की बीमारी से बचा जा सकता है। वह माता कौशल्या अस्पताल में विश्व कैंसर दिवस के मौके पर आयोजित जागरूकता सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
डा. भल्ला ने कहा कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य लोगों में कैंसर के पाए जाते डर को दूर करने के लिए इसके लक्ष्णों के बारे में जानकारी देना है, ताकि कैंसर का पहली ही स्टेज पर पता लगाकर इलाज शुरू किया जा सके।
उन्होंने इस मौके पर लोगों को कैंसर के लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी। जिला एपिडमोलोजिस्ट डा. गुरमीत सिंह ने कहा कि महिलाओं में ज्यादातर छाती व बच्चेदानी का कैंसर पाया जाता है।
खुद भी चेक करते रहना चाहिए कि छाती में कोई गांठ तो नहीं और अगर छाती या शरीर के किसी भी अंग में कोई गांठ महसूस होती है, तो तुरंत माहिर डाक्टर के पास चेकअप कराना चाहिए।