रेलवे की तरफ से भनुपली रेलवे स्टेशन बंद करने के विरोध में कांग्रेसी वर्करों ने कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष और पूर्व हलका विधायक राणा कंवरपाल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय रेलवे स्टेशन नंगल में प्रदर्शन किया। साथ ही 10.30 बजे नंगल से अंबाला के लिए जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के आगे धरना लगाया।
राणा कंवरपाल सिंह ने बताया कि काफी अरसे से बंद पड़े भनुपली रेलवे स्टेशन को रवनीत सिंह बिट्टू ने खुलवाकर लोगों के सुपुर्द किया था। इससे स्टेशन के साथ लगते सैकड़ों गांवों को फायदा हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की तरफ से हमेशा ही इलाके के लोगों के साथ भेदभाव किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को सुविधाएं देने की बजाया छीनने में ज्यादा ध्यान दे रही है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भनुपली रेलवे स्टेशन को जल्द नहीं खोला गया तो नंगल रेलवे स्टेशन को भी ताला लगाकर बंद कर दिया जाएगा। विभाग के डीसीएम अमरपाल सिंह ने राणा कंवरपाल सिंह के साथ मौके पर बातचीत की और बताया कि भनुपली रेलवे स्टेशन एक हाल्ट स्टेशन है।
यहां जो व्यक्ति टिकटें काटने काटता था वह जवाब दे गया और नएं किसी व्यक्ति ने अप्लाई नहीं किया। इसके चलते इस रेलवे स्टेशन को बंद करना पड़ा। कुछ देर बाद रेलवे अधिकारियों ने राणा कंवर पाल सिंह को इस मसले पर दफ़्तर में बैठकर बातचीत करके हल करवाने का भरोसा दिया और रोकी गई पैसेंजर रेल को भेजा गया लेकिन बातचीत बेनतीजा रही।
इसके बाद फिर राणा कंवर पाल सिंह अपने साथियों समेत रेलवे ट्रैक पर धरना लगाने के लिए पहुंच गए। तहसीलदार सुरिंदर पाल ने इस मसले को एक सप्ताह में सुलझाने का भरोसा दिया। मौके पर ब्लाक कांग्रेस नंगल के प्रधान संजय साहनी, दीपक नंदा, करनैल सिंह, लवली, सोमनाथ पाठक, अनीता शर्मा, अशोक स्वामीपुर, प्रताप सिंह सैनी, अनिल कुमार, प्यारे लाल जसवाल, श्रवण दड़ोली, नरिंदर राणा, मनोज उपस्थित थे।