पटियाला। राजपुरा में किसानों की ओर से भाजपा नेताओं को बंधक बनाने, उनके साथ मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को सीएम सिटी में भाजपा जिला शहरी की ओर से अनारदाना चौक पर रोष प्रदर्शन किया गया। इस मौके मुख्यमंत्री कैप्टन सरकार पुतला फूंक कर जमकर नारेबाजी की गई। मांग की गई कि राजपुरा घटना में आरोपी किसानों की जल्द गिरफ्तारियां हों। इस मौके विशेष तौर से भाजपा जिला शहरी के प्रधान हरिंदर कोहली, वरिष्ठ नेता व पटियाला देहाती से दावेदार गुरतेज सिंह ढिल्लों और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता भूपेश अग्रवाल विशेष तौर पर मौजूद रहे। अनारदाना चौक में सुबह करीब साढ़े 10 बजे बड़ी गिनती में इकट्ठा भाजपाइयों ने कैप्टन सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस मौके भाजपा नेता गुरतेज सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था चरमराई है। इसी का नतीजा है कि भाजपाइयों पर आए दिनों किसानों द्वारा हमले किए जा रहे हैं, लेकिन पंजाब सरकार मूक दर्शक बनी है। उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को जिम्मेदार बताया। मांग की कि राजपुरा घटना में आरोपी किसानों की जल्द से जल्द गिरफ्तारियां हों। साथ ही मांग की कि पर्चे में उन किसानों को भी नामजद किया जाए, जिनकी पहचान पीडित भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही है।
बंदी बनाए भाजपा नेता का पुलिस से टकराव
प्रदर्शन के मौके माहौल उस समय गर्मा गया, जब राजपुरा में किसानों द्वारा एक घर में बंधक बनाए गए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेश अग्रवाल का पुलिस से ही टकराव हो गया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन की समाप्ति से पहले ही उनकी सुरक्षा में लगी फोर्स हटा ली। आरोप लगाया कि यह उन पर हमला कराने की साजिश है। वह इस बारे में पार्टी के हाईकमान से दिल्ली में बात करेंगे। भाजपा नेता ने खास तौर से एक डीएसपी पर आरोप लगाते कहा कि कुछ समय पहले जब किसानों ने उनके घर के बाहर धरना लगाया था, तब भी डीएसपी ने किसानों को रोकने के बजाय उन्हें ही घर से बाहर न जाने और पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर घर के बाहर से हटाने को कहा था। आज भी प्रदर्शन खत्म होने से पहले ही पुलिस फोर्स उनकी सुरक्षा से हटा ली।
भाजपाइयों में गुटबाजी, लपेटे में ले रहे पुलिस वालों को : एसपी केसर सिंह
इस मौके मौजूद एसपी केसर सिंह ने कहा कि पटियाला में भाजपाइयों में आपस में ही गुटबाजी है। पुलिस को पटियाला जिला शहरी हरिंदर कोहली ने कहा था कि उनका कार्यक्रम समाप्त हो गया। इसके बाद ही पुलिस ने मौके से फोर्स को हटाया। भाजपाई बिना किसी वजह के पुलिस को लपेटे में ले रहे हैं। आगे कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति की जान-माल की रक्षा करना नहीं, बल्कि सभी की है। फोर्स को मौके से हटाकर किसी और जगह लगाया जाना था।