पटियाला। नौजवानों को नशे की दलदल में फंसा रहे एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पटियाला पुलिस ने तीन करोड़ रुपये की कीमत की स्मैक और हीरोइन समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के बाकी साथियों का पता लगाया जा रहा है। काबू तस्करों के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी डा. संदीप कुमार गर्ग ने सोमवार को बताया कि इंस्पेक्टर शमिंदर सिंह, सीआईए स्टाफ के एसआई गुरदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली कि अजय कुमार उर्फ कंगारू निवासी न्यू मालवा कालोनी पटियाला, राजन निवासी बडूंगर, मोहम्मद असरान उर्फ असलम निवासी गांव कबीरपुर जिला उनाओ (यूपी) और इनके कुछ अन्य साथी आपस में मिलकर शहर में गिरोह बनाकर नशा बेचने का काम बड़े स्तर पर कर रहे हैं। इस गिरोह ने नशे की खेप की सप्लाई करनी है। पुलिस ने रेड करके तीनों आरोपियों अजय कुमार, राजन, मोहम्मद असरान को बस अड्डे के नजदीक नई राजपुरा कालोनी से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में आरोपियों के पास से दो किलो 500 ग्राम स्मैक और 325 ग्राम हीरोइन बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा, जिससे पूछताछ करके गिरोह के साथियों को गिरफ्तार किया जा सके। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अजय कुमार कंगारू, राजन और मोहम्मद असरान व इनके अन्य साथियों के खिलाफ पहले ही एनडीपीएस एक्ट और अन्य अपराधों के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वह कईं बार जेल जा चुके हैं। अजय कुमार उर्फ कंगारू सजायाफ्ता है। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की उम्र 19 से 27 साल है और वह ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं।