लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि आम अकाली वर्करों व जत्थेदारों को नुकसान न पहुंचाया जाए, जिनकी वर्तमान हालातों में कोई भूमिका नहीं है। इसके लिए केवल मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोगों से अपील की कि वह अपना गुस्सा बचा कर रखें और इसे चुनावों के समय वोट देते हुए बादलों को उखाड़ कर फेंकने पर लगाएं।
कैप्टन ने कहा कि बादलों के खिलाफ अपने गुस्से को आम अकाली वर्करों व साधारण जत्थेदारों पर खत्म न करें। उन्होंने बताया कि उनके पास राज्य भर से डरे हुए अकाली वर्करों, जत्थेदारों व सरपंचों के फोन आ रहे हैं, जिनको अपनी जानों का डर है। क्योंकि कोई भी उनको सुनने और उनकी रक्षा करने को तैयार नहीं है।
उन्होंने ऐसे लोगों के साथ हमदर्दी जताते हुए शांति व संयम बनाए रखने के लिए कहा। कैप्टन ने कहा कि बादलों की ओर से सारी ताकत अपने पास रख लेने के बाद आम अकाली वर्कर व जत्थेदार भी खुद को बेसहारा महसूस कर रहे हैं। कैप्टन ने कह कि जब एसजीपीसी प्रमुख व श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को बादल कमजोर व बेसहारा बना सकते हैं तो आम अकाली वर्करों व जत्थेदारों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।