पटियाला में मांगों को लेकर केंद्र के खिलाफ बैठक करते ज्वेलर।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ गुस्साए ज्वेलरों ने किला चौक में इकट्ठा होकर धरना दिया और नारेबाजी की। इस मौके पर ब्रांडेड व नान ब्रांडेड ज्वेलरी पर लगाई एक्साइज ड्यूटी हटाने और दो लाख से अधिक के गहने खरीदने वाले ग्राहक से पैन कार्ड लेना अनिवार्य करने का विरोध किया गया। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
सराफा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान मनोज सिंगला, महासचिव अशोक गर्ग, स्वर्णकार एसोसिएशन के प्रधान सतपाल वर्मा, स्वर्णकार संघ के प्रधान भीमसेन ने कहा कि ज्वेलर और सोना व्यापारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं और उन्होंने केंद्रीय टैक्सों के खिलाफ अपना संघर्ष और तेज कर दिया है क्योंकि केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए टैक्स ज्वेलरों के हित में नहीं हैं। इन टैक्सों के साथ सोना व्यापारियों को इंस्पेक्टरी राज और अन्य मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा। इससे सोना व्यापार में मंदी का दौर शुरू हो जाएगा और कम पढ़े-लिखे कारीगरों के लिए हिसाब-किताब रखना मुश्किल हो जाएगा।