भारतीय फौज की 660 आर्मी एविएशन स्कवाड्रन की गोल्डन जुबली के संबंध में बुधवार को पटियाला एविएशन क्लब में भारतीय फौज के जांबाजों की ओर से विलक्षण एयर शो और एयरोबैटिक की शानदार पेशकारी की गई।
इसका फौजी अधिकारियों व उनके परिवारों के अलावा जिला पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों समेत बड़ी गिनती में पटियाला वासियों ने आनंद लिया। ऐसा शो पटियाला में पहली बार आयोजित किया गया।
इस शो में आर्मी एविएशन कार्प्स के डायरेक्टर जनरल पीके भराली ने बतौर मुख्य मेहमान शिरकत की, जबकि डीसी वरुण रूजम और एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान विशेष मेहमान के तौर पर मौजूद रहे। शो में पांच चेतक हेलीकाप्टरों के अलावा दो एविएशन क्लब पटियाला के हेलीकाप्टर और दो एडवांस लाइट हेलीकाप्टरों ने हिस्सा लिया।
हेलीकाप्टरों के जरिये हीरे के आकार, उड़ते हेलीकाप्टर में से रस्सी के जरिये लटककर जवानों की ओर से नीचे उतरने, जवानों को हेलीकाप्टरों में बैठाकर दुश्मनों के क्षेत्र में उतारने, जख्मी जवानों को और जवानों की मदद से हेलीकाप्टरों में बैठाने के अलावा मोटरसाइकिल व जीप को हेलीकाप्टरों के जरिये एक से दूसरी जगह पर पहुंचाने जैसे कारनामे पेश किए गए।