पटियाला। जिले में सेहत विभाग के अधीन आते 44 सब सेंटरों में नई ग्रामीण डिस्पेंसरियां स्थापित की जाएंगी। इसके लिए पंचायतों की ओर से आधा-आधा एकड़ जमीन मुहैया कराई गई है। सरकार की ओर से राष्ट्रीय ग्रामीण सेहत मिशन के तहत छह-छह लाख रुपये की लागत से डिस्पेंसरियों का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी डीसी जीके सिंह ने शुक्रवार को जिला प्रबंधकीय कांप्लैक्स में जिला सेहत सोसाइटी की बैठक की प्रधानगी करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में हर जरूरतमंद व्यक्ति अपने घर के नजदीक ही सेहत सुविधाएं हासिल करने में समर्थ बन जाएगा। सरकार की ओर से सरकारी अस्पतालों व सेहत केंद्रों में काम करने वाले पैरा मेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों, एएनएम को जरूरत के मुताबिक उच्च स्तरीय सिखलाई देने के लिए माता कौशल्या अस्पताल में स्किल लैब स्थापित की जाएगी। जिससे लोगों को स्तरीय सेहत सुविधाएं दी जा सकें।
महिलाओं में कैंसर की बीमारी से संबंधित प्राथमिक जांच करने के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल और माता कौशल्या अस्पताल में मेमोग्राफी मशीनें लगाई गई हैं। इन पर बहुत कम फीस पर यह टेस्ट किया जाता है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को जिले के हर ब्लाक में पीएनडीटी एक्ट को सख्ती के साथ लागू करने के लिए लगातार प्राइवेट अस्पतालों व क्लीनिकों में विशेष जांच मुहिम चलाने को कहा। बैठक में एडीसी विकास राजेश त्रिपाठी, एसडीएम पटियाला गुरपाल सिंह चहल भी मौजूद रहे।