धर्मकोट सब डिवीजन एवं ब्लाक कोट ईसेखां के अंतर्गत गांव पंडोरी में में पंच चुनाव में हारे अकाली प्रत्याशी ने पुलिस की मौजूदगी में बैलट पेपर फाड़ दिए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी धर्मकोट गुरप्रीत सिंह गिल ने कहा कि चुनाव अमले से घटना बारे जानकारी हासिल करने बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव पंडोरी में पंच की एक सीट के लिए लखविंदर कौर और सुखचैन सिंह में मुकाबला था। इस चुनाव में लखविंदर कौर को 71 और सुखचैन सिंह को 67 वोट मिले और 3 वोट रद्द हो गए।
चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार ने महिला लखविंदर कौर को विजेता करार दिया तो हारे अकाली उम्मीदवार सुखचैन सिंह ने पुलिस की मौजूदगी में चुनावी अमले से बैलट पेपर छीनकर फाड़ दिए। थाना धर्मकोट प्रमुख के नेतृत्व में तैनात पुलिस कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
एडिशनल जिला चुनाव अफसर कम एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (विकास) जतिंदर पाल सिंह ने बताया कि जिले में सरपंच की 4 सीटें खाली थ। गांव बुद्ध सिंह वाला से गुरप्रीत सिंह और गांव चोटिया खुर्द से गुरसेवक सिंह बिना मुकाबले चुने गए थे और गांव बौडे में पूर्न सिंह को सरपंच चुना गया।
उन्हाेंने बताया कि पंच की खाली सीटों के लिए हुई वोटों में गांव कोकरी हेर से कुलदीप कौर, गांव धूड़कोट रणसींह से हरदेव सिंह पंच चुने गए हैं। गांव खोसा जलाल में हुए सरपंच के चुनाव और गांव कोटला मेहर सिंह वाला, गुरपुरा, गोबिंदगड़ और गांव भलूर में पंच की खाली सीटों के लिए हुई वोटों के नतीजे का देर रात तक ऐलान नहीं हो सका।