पटियाला। शहर में बुधवार सुबह आकाश में बादल छाने के बाद पड़ी तेज बारिश ने नगर निगम के सफाई और अन्य प्रबंधों की पोल खोलकर रख दी। कुछ मिनटों की बारिश से ही शहर के ज्यादातर इलाकों में बाजारों और गली मोहल्लों में पानी खड़ा हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 11 बजे आकाश में बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश पड़ने लगी। हालांकि आधा घंटा की बारिश से लोगों को गर्मी से तो काफी राहत मिली, लेकिन इससे शहर के ज्यादातर हिस्सों में जगह-जगह सड़कों और गली मोहल्लों में पानी खड़ा हो गया।
यहां गौरतलब है कि शहर के अंदरूनी इलाकों में पुराने समय से पानी की निकासी के लिए बनी नालियां बंद करके निगम की ओर से पाइप डाले जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी नेता कुंदन गोगिया ने आरोप लगाया कि इन पाइपों के कारण पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही है। शहर के राघोमाजरा एरिया में कुछ मिनटों की बारिश के बाद ही जलभराव हो गया। इसके तुरंत मार्केट एसोसिएशन और दुकानदारों ने निगम को शिकायत की। मौके पर निगम के एक्सईएन सुरेश कुमार पहुंचे। एक्सईएन ने दुकानदारों की समस्या सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि पानी की निकासी की समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी।