पटियाला। कोरोना कारण पंजाब की शिक्षण संस्थाओं के बंद होने के बावजूद सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट्स को विभिन्न सोशल मीडिया एप के जरिये पढ़ाने का काम निरंतर जारी है। इसके तहत पटियाला जिला पंजाब के उन 12 जिलों में शामिल है, जिसके सारे सरकारी स्कूलों के अध्यापक अपने स्टूडेंट्स को ऑनलाइन पढ़ा रहे हैं। वहीं जिले के सरकारी स्कूलों में नए सेशन के दौरान अब तक 8.45 फीसदी दाखिला बढ़ा है।
इसके तहत 15948 नए स्टूडेंट्स दाखिल हुए हैं, जिनमें 12905 स्टूडेंट्स निजी स्कूलों से हटकर आए हैं। इस तरह जिले के सरकारी स्कूलों में पिछले सेशन में दाखिल 188724 स्टूडेंट्स के मुकाबले इस बार 204672 स्टूडेंट्स दाखिल हैं। यह दाखिलें अभी और बढ़ने की उम्मीद है।
जिला शिक्षा अधिकारी (सीनियर सेकेंडरी) हरिंदर कौर और जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) इंजीनियर अमरजीत सिंह ने बताया कि अध्यापकों की ओर से जूम व वाट्सएप के जरिये स्टूडेंट्स को हर रोज स्कूल की तरह ही पढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा स्टूडेंट्स स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से तैयार की गई एजुकेयर एप के जरिये भी विषय वार पढ़ाई कर रहे हैं। उक्त अधिकारियों ने बताया कि अध्यापकों की ओर से निरंतर बच्चों और अध्यापकों के साथ फोन के जरिये पढ़ाई संबंधी विचार चर्चा की जाती है। बच्चों के ग्रुप भी बनाए गए हैं, बहुत से माहिर अध्यापकों की ओर से निजी यू ट्यूब चैनल बनाकर भी स्टूडेंट्स को पढ़ाया जा रहा है।
सेकेंडरी विंग में इस बार पिछले सेशन की तुलना में 9.74 फीसदी दाखिला बढ़ा है। पिछले सेशन में सरकारी स्कूलों के सेकेंडरी विंग में 102146 विद्यार्थी थे और इस बार यह आंकड़ा 112100 तक पहुंच गया है। इसी तरह से जिले के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में 6.92 फीसदी (5994 स्टूडेंट्स) दाखिला बढ़ा है। पिछले सेशन मेें प्राइमरी विंग में 86578 स्टूडेंट्स थे और इस बार यह संख्या 92572 तक पहुंच गई है।