पटियाला में समाना-पातड़ां रोड पर हुए सड़क हादसे में मारे गए युवा डाक्टर की फाइल फोटो और घायल महिल?
- फोटो : PATIALA
धुंध के कारण समाना-पातड़ां रोड पर रविवार सुबह पीआरटीसी बस और कार में टक्कर हो गई। इस बीच पीछे से आ रहे ट्राले ने बस को टक्कर मार दी। इससे कार चालकर डाक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बस में बाकी सवारियों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद घर भेज दिया गया है। हादसे में मरने वाले डाक्टर की पहचान डा. रोहित गर्ग (24) निवासी घग्गा के तौर पर हुई है।
डाक्टर के परिजनों ने बताया कि रोहित सुबह करीब पौने आठ बजे घर से पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल के लिए अपनी आई-20 कार में निकला था। डाक्टर ने सरकारी राजिंदरा अस्पताल से मेडिकल सामान लेकर नाभा में एक कैंप में ड्यूटी पर जाना था। जैसे ही वह समाना-पातड़ां रोड पर गांव रेतगढ़ के पास पहुंचा तो उसकी कार को सामने से आ रही पीआरटीसी की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में डाक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।
बस में सवार शकुंतला देवी ने बताया कि कार व बस की टक्कर होने के साथ ही पीछे से आ रहे ट्राले ने बस को टक्कर मार दी। इस कारण बस में बैठी उसकी बहू सुनीता रानी (32) और वह खुद उछलकर खेतों में जा गिरी। इस कारण उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 15 सवारियां सवार थीं। सुनीता रानी की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिटी समाना थाने से एएसआई अंग्रेज सिंह ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है। उधर डाक्टर का पोस्टमार्टम कराके शव को वारिसों के हवाले कर दिया है।