जिला के गांव सालापुर में रविवार को एक युवक अपनी शादी के मात्र दो घंटे बाद ही अपने जीजा के साथ नशे में हुई तकरार के कारण नहर में गिर गया। जिसे बचाने के लिए जीजा ने भी नहर में छलांग लगा दी। दोनों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम को गांव सालापुर के निवासी हरप्रीत सिंह (20) की शादी हुई थी और घर में डोली आने के दो घंटे बाद हरप्रीत अपने जीजा चरनजीत चन्नी(25) के साथ शराब पीने के लिए चला गया।
पुलिस के अनुसार गांव के नजदीक नहर के किनारे शराब पीते हुए दोनों में तकरार हो गई, जिसके बाद हरप्रीत नहर में गिर गया। हरप्रीत को बचाने के लिए उसके जीजा चरनजीत ने भी नहर में छलांग लगा दी और दोनो ही पानी के बहाव में बह गए। इन दोनों को बहता देख एक अन्य व्यक्ति मनप्रीत सिंह ने भी नहर में छलांग लगाई लेकिन जब वह भी पानी के बहाव में बहने लगा तो कुछ राहगीरों ने भारी मुश्किल से उसे बचा लिया।
डीएसपी समीर वर्मा ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे है और जांच में यह एक हादसा ही लग रहा है। हरप्रीत सिंह का प्रेम विवाह हुआ था। घर में खुशी का माहौल इस हादसे से गम में बदल गया। इस हादसे से चरनजीत की पत्नी और उसके बेटा सदमे में है।