चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने दिल्ली विधानसभा सचिवालय को आतिशी के कथित वीडियो विवाद पर विस्तृत जवाब सौंपा है। इस मामले में विपक्ष के नेता आतिशी से जुड़े वायरल वीडियो क्लिप्स को लेकर दिल्ली विधानसभा में उठाए गए सवालों पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गई।
पुलिस के अनुसार यह मामला 7 जनवरी 2026 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, जालंधर में लिखित शिकायत मिलने के बाद सामने आया। शिकायत में आरोप था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ वीडियो क्लिप्स में आतिशी को सिख गुरुओं के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए दिखाया गया। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
जांच में विवादित वीडियो को डाउनलोड कर मोहाली स्थित स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा गया। फॉरेंसिक रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि वीडियो के ऑडियो में वक्ता (आतिशी) ने गुरु शब्द कभी बोला ही नहीं। पंजाब पुलिस ने बताया कि वीडियो क्लिप्स को दिल्ली विधानसभा के बाहर एडिट और प्रसारित किया गया, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से प्राप्त हुई थीं। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए मामले में त्वरित और विधिक कार्रवाई की गई। ब्यूरो