आम आदमी पार्टी पंजाब के इंचार्ज संजय सिंह ने कहा कि आप का मुख्यमंत्री ओहदे के लिए उम्मीदवार पंजाब से ही होगा।
उन्होंने
कहा कि पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र बाकी पार्टियों से अलग होगा। संजय
सिंह बुधवार को यहां आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल की ओर से श्री मुक्तसर
साहिब में की जाने वाली माघी कांफ्रेंस की तैयारियों के संबंध में आयोजित
प्रोग्राम में हिस्सा लेने पहुंचे हुए थे। उनके साथ राष्ट्रीय नेता दुर्गेश
पाठक, प्रदेश कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, पार्टी में हाल ही में शामिल
हुए सुखपाल सिंह खैहरा, हरकेश सिंह सिद्धू, एडवोकेट हिम्मत सिंह शेरगिल,
डा. बलवीर सिंह, यूथ विंग प्रमुख हरजोत बैंस, प्रदेश उप प्रधान कर्मजीत
जटाना भी मौजूद रहे।
सांसद डा. धर्मवीर गांधी और हरिंदर सिंह खालसा
की ओर से लगाए आरोपों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी
लीडर व वर्कर अपनी पार्टी की जीत के लिए एक से दूसरी जगह जाते हैं।
केजरीवाल समेत सभी लीडर पंजाब में आकर प्रचार करेंगे, लेकिन सीएम पद का
उम्मीदवार पंजाब से ही होगा। इसका ऐलान उचित समय पर कर दिया जाएगा। साथ ही
कहा कि चुनावी घोषणा पत्र भी उचित समय पर जारी किया जाएगा, जो दिल्ली की
तरह अन्य पार्टियों से अलग होगा।
पंजाब में किसानों की आत्महत्याओं
को हत्याएं करार देते हुए संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में आप की सरकार बनने
पर इस सारे मामले की एक विशेष टीम गठित करके जांच कराई जाएगी। जांच में
दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भ्रष्टाचार व अन्य संबंधित धाराओं
के तहत केस चलाया जाएगा। पंजाब में किसान बड़ी गिनती में आत्महत्याएं कर
रहे हैं, लेकिन सरकार ने मौन धारण किया हुआ है और इनकी कोई सुध नहीं ले रही
है।