सांसद डा. धर्मवीर गांधी ने आप के सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से कुमार विश्वास के गीत को पंजाब अंदर नशों के खिलाफ मुहिम के गीत के तौर पर रिलीज करने को सियासी शोशेबाजी करार दिया है। यहां जारी बयान में डा. गांधी ने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही अकाली व कांग्रेस लीडरों की जुमलेबाजी सुन कर तंग आ चुके हैं। लोग 2017 के विस चुनावों के बाद पंजाब की समस्याओं समेत ड्रग माफिया के हल के लिए किसी ठोस उपाय की तलाश में हैं। आप यह बताए कि वह पंजाब में नशों का अंत कैसे करेगी। गीतों से कुछ नहीं होने वाला है।
डा. गांधी ने पंजाब के लोगों को आह्वान किया कि वह सरकार बदलने तक सीमित न रहें, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की कोशिशें करें। उन्होंने मांग की कि एनडीपीएस एक्ट 1985 में संशोधन किया जाए, ताकि गरीब आदमी के परंपरागत व कुदरती नशों जैसे अफीम, भुक्की व भांग से पाबंदी खत्म की जाए। नशे इस्तेमाल करने वालों को आरोपी न मान कर उनकी रजिस्ट्रेशन की जाए। इलाज किया जाए और बिना लाभ के इनको यह नशे सरकार की ओर से मुहैया कराए जाएं। साथ ही मांग की कि पंजाब पुलिस का गैर सियासीकरण और गैर अपराधीकरण किया जाए।