टांडा उड़मुड़ (होशियारपुर)। गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के तीन स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। धमकी ईमेल में 26 जनवरी को भगवंत मान के कार्यक्रम और स्कूलों में बम धमाके की चेतावनी दी गई। ईमेल में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह और मुख्यमंत्री भगवंत मान की फोटो जोड़ी गई थी और कांग्रेस का चुनाव चिन्ह भी दिखाया गया। ईमेल, जो लोरेंसक्रिस्टी7 जीमेल आईडी से भेजा गया, में लिखा था- बंम धमाका 2:11 बजे स्कूलां विच, अपने बच्चे बचाओ, 26 जनवरी होशियारपुर मान दे प्रोग्राम विच होवेगा धमाका। धमकी मिलने के तुरंत बाद स्कूलों ने पुलिस को सूचना दी। टांडा थाना और डीएसपी ने स्कूलों का दौरा किया और एंटी-सेबोटाज टीमों को जांच के लिए तैनात किया। पुलिस ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। संवाद