राजपुरा। दिल्ली पुलिस ने राजपुरा में पहुंच कर पटेल कालेज और सिटी थाना रिकार्ड कब्जे में लिया। राजपुरा पुलिस के अलावा दिल्ली पुलिस भी यूनीवर्सिटी ग्रांट कमीशन के फंड को खुर्द-बुर्द करने के मामले की जांच कर रही है।
यूनीवर्सिटी ग्रांट कमीशन के घोटाले की रकम एक करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। इसमें राजपुरा पुलिस की ओर से 93 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस की ओर से चार आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी केस के कुछ पहलुओं पर गौर नहीं किया गया। इससे राजपुरा के साथ साथ दिल्ली पुलिस पर भी उंगली उठ रही है। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम कालेज के साथ साथ सिटी थाना भी पहुंची। कालेज में पूर्व प्रिंसिपल डा. संजीव कालिया की नियुक्ति से लेकर इस्तीफा देने के अलावा अन्य कई बातों को लेकर रिकार्ड कब्जे में लिया। इस संबंध में कालेज के प्रिंसिपल डा. एमएम गुप्ता ने दिल्ली पुलिस द्वारा रिकार्ड कब्जे में लेने की पुष्टि की।