पटियाला। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार के हाथों में देश सुरक्षित नहीं है। अन्ना हजारे के बयानों पर बादल ने कहा कि उनकी सरकार को लोगों का फतवा मिला है, इसलिए उनको किसी और के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गांव टोहड़ा में पंथ रतन जत्थेदार गुरचरन सिंह टोहड़ा की 9वीं बरसी के मौके पर आयोजित राज्यस्तरीय श्रद्धांजलि समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने गुरचरन सिंह टोहड़ा की पत्नी जोगिंदर कौर टोहड़ा की याद में 45 लाख की लागत से बने कम्यूनिटी सेंटर का उद्घाटन किया।
पत्रकारों से बातचीत में बादल ने तरनतारन मसले पर कहा कि इसके हल के लिए सरकार ने हर संभव प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद के सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं, लेकिन पहले भंडार किए गेहूं की पंजाब से केंद्र की एजेंसी एफसीआई ने चुकवाई करनी है। जिसके लिए वह लगातार केंद्र से संपर्क कर रहे हैं।
श्रद्धांजलि समारोह में बादल ने कहा कि जत्थेदार टोहड़ा विलक्षण शख्सियत के मालिक थे। जब भी पंजाब के हितों की रक्षा के लिए केंद्र से सैद्धांतिक लड़ाई लड़ी गई, तो जत्थेदार टोहड़ा ने हमेशा अगुवाई की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सारे ताप बिजली घर इस साल के अंत तक चालू हो जाएंगे और पंजाब सरप्लस बिजली वाला राज्य बन जाएगा। इसके अलावा 20 हजार करोड़ की लागत से चहुंमार्गी सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने व्यंग्य किया कि कांग्रेस के नए प्रधान बाजवा को अपने सचिव रखने का भी अधिकार नहीं, तो वह लोगों के भले के लिए क्या फैसले करेंगे। श्रद्धांजलि समारोह को एसजीपीसी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़, राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींढसा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राजखुराना, मुख्यमंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जत्थेदार टोहड़ा के दोहते हरिंदरपाल सिंह टोहड़ा, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, पूर्व मंत्री हरमेल सिंह टोहड़ा और जत्थेदार टोहड़ा की बेटी कुलदीप कौर टोहड़ा आदि मौजूद रहे।