पटियाला। सरकारी मल्टीपर्पस सेकेंडरी स्कूल में शनिवार से 63वीं सीनियर पंजाब स्टेट बास्केटबाल चैंपियनशिप शुरू हो गई। इस चैंपियनशिप में राज्य के विभिन्न जिलों से महिला व पुरुष खिलाड़ियों की 35 टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह मुकाबला 27 नवंबर तक चलेगा। शनिवार को खेले गए मैच में पुरुषों के वर्ग में पटियाला ने फिरोजपुर को 79-77 से हरा दिया।
उद्घाटन समारोह में एसएसपी गुरप्रीत सिंह गिल ने बतौर मुख्य मेहमान शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने चैंपियनशिप में शामिल खिलाड़ियों को मिलकर और अनुशासन की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के सरप्रस्त कंवरजीत सिंह सिद्धू, स्कूल प्रिंसिपल तोता सिंह चहल के अलावा बड़ी गिनती में खेल प्रेमी मौजूद रहे।