पटियाला। राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए शनिवार को पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने एक बड़ा कदम उठाया। इसके तहत पावरकाम ने नान कनवेंशनल पावर प्रोड्यूसर के साथ चार बिजली खरीद समझौते किए।
पहला बिजली खरीद समझौता परमजीत सिंह मैनेजिंग डायरेक्टर मैसर्स दालांवाला नान कनवेंशनल पावर जनरेशन प्राइवेट लिमिटेड संगरूर के साथ किया गया। यह प्लांट घग्गर ब्रांच पर 118000 फीट पर गांव दालांवाला जिला सुनाम में आठ करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है, जो 600 किलोवाट बिजली पैदा करेगा। बाकी के बिजली खरीद के समझौते प्रीत कंवल, डायरेक्टर सिधवां हाइड्रो पावर प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ और मैसर्स प्री-टैक पावर प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ के साथ किए गए। यह प्लांट सिधवां ब्रांच कैनाल पर 70000 फीट पर लुधियाना में 700 किलोवाट का आठ करोड़ की लागत से, कसूर ब्रांच लोअर पर 11200 फीट पर गुरदासपुर में 800 किलोवाट का आठ करोड़ की लागत से, सबराओं ब्रांच कैनाल पर 34160 फीट पर गुरदासपुर में 850 किलोवाट का 9 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे हैं। यह सभी बिजली खरीद समझौते बनाओ, चलाओ और मालिक बनो के आधार पर किए गए और इन समझौतों पर पावरकाम की तरफ से डायरेक्टर वितरण इंजीनियर अरुण वर्मा ने हस्ताक्षर किए।
इंजीनियर अरुण वर्मा ने बताया कि यह समझौते 35 सालों के लंबे समय के हैं और कंपनियों से बिजली पंजाब स्टेट बिजली रेगुलेटरी निगम की ओर से तय रेटों पर ली जाएगी। इस दौरान इंजीनियर वीके कालरा, चीफ इंजीनियर पीपी एवं आर इंजीनियर कुलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।