पटियाला। शाही शहर के बाजार धनतेरस के स्वागत के लिए पूरी तरह से सज गए हैं साथ दीवाली के मौके पर उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए विभिन्न कंपनियों ने अपने इलेक्ट्रानिक प्रोड्क्टस स्कीमों के साथ बाजार में उतारे हैं, जिसे लेकर उपभोक्ताओं में काफी क्रेज पाया जा रहा है। हालांकि रोजाना ही इन उत्पादों की काफी खरीद हो रही है, लेकिन धनतेरस को लेकर दुकानदार काफी उत्साहित हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस पर खूब खरीदारी की जाएगी।
एलजी से लेकर सैमसंग, वीडियोकॉन, पैनासोनिक और आईएफबी सभी ने अपने विभिन्न इलेक्ट्रानिक प्रोडक्ट्स के साथ स्क्रैच कार्ड की स्कीम लाई है। जिसमें कार्ड स्क्रैच करने पर आपको गिफ्ट जरूर मिलेगा। वहीं कई उत्पादों के साथ तो गिफ्ट रखा ही गया है, जैसे घड़ी, जूस सेट बगैरा। इन स्कीमों को लेकर लोग काफी क्रेजी हो रहे हैं और मौके का फायदा उठाते हुए अपनी जरूरत के हिसाब से प्रोडक्ट्स खरीद रहे हैं। आर्य समाज में रहने वाले कुणाल ने कहा कि उसे दिवाली पर आने वाली इन आफर का इंतजार था, इसलिए उसने पहले वाशिंग मशीन नहीं खरीदी। अब वाशिंग मशीन के साथ गिफ्ट पाकर वह काफी खुश हैं।
वहीं गृहणि सुरेखा का कहना है कि माइक्रोवेब के साथ बर्तन तो पहले भी थे, लेकिन अब कई और बर्तन दिए जा रहे हैं। जो माइक्रोवेब में इस्तेमाल हो सकते हैं। साथ ही और भी गिफ्ट मिले हैं।
--------------
चार करोड़ तक सोने, चांदी की सेल की उम्मीद
धनतेरस के मौके पर पटियाला में चार करोड़ से अधिक सोने व चांदी की बिक्री होने की उम्मीद है। सर्राफा एसोसिएशन के मेंबर और जगदीश ज्वेलर्स के मालिक मनोज सिंगला ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सोने व चांदी के सिक्कों, चांदी की बनी लक्ष्मी की मूर्तियों की काफी सेल हो रही है, जिसके चलते धनतेरस के मौके पर रविवार को सोने और चांदी के दामों में और उछाल आने की पूरी उम्मीद है। साथ ही धनतेरस के मौके पर पूरे पटियाला में छोटे व बड़े दुकानदारों को मिलाकर चार करोड़ से अधिक के सोने व चांदी की सेल होने की पूरी उम्मीद है।