पटियाला। रेलगाड़ियों में सफर करने वाले यात्रियों को नशीली चीजें खिलाकर उनका सामान व नगदी लूटने वाले जहरखुरानी गिरोह के पांच सदस्यों को गर्वनमेंट रेलवे पुलिस लुधियाना ने गिरफ्तार किया है।
जीआरपी के आईजी रोहित चौधरी ने बुधवार को यहां बताया कि यह गिरोह दिल्ली और लुधियाना के बीच चलने वाली रेलगाड़ियों में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। यह गिरोह हावड़ा मेल और जननायक रेलगाड़ियों में सफर करने वाले यात्रियों को नशीली चाय, नशीले बिस्कुट और अन्य चीजें खिलाकर उनसे हजारों रुपये की नगदी व अन्य सामान लूट लेता था। जीआरपी की ओर से गिरफ्तार किए गए गिरोह के मेंबरों में अजय कुमार निवासी जालंधर, राजकुमार निवासी गोरखपुर (यूपी), जसवंत सिंह निवासी अमृतसर, बबलू निवासी दिल्ली और राजू निवासी अमृतसर शामिल हैं।
आरोपी जसवंत सिंह के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत जीआरपीएस सरहंद, अजय कुमार के खिलाफ एक्साइज एक्ट अधीन दो केस व असला एक्ट तहत जालंधर में एक केस, राजू के खिलाफ एक्साइज एक्ट तहत अमृतसर में, बबलू के खिलाफ दिल्ली में दो केस और राजकुमार के खिलाफ लुधियाना में एक केस पहले भी दर्ज है।
आईजी ने बताया कि इस गिरोह ने करीब दो सप्ताह पहले जननायक गाड़ियों में यात्रियों से 3200 रुपये की लूट, दो महीने पहले पांच हजार रुपये व हावड़ा रेलगाड़ी में भी यात्रियों को नशीली चीजें खिलाकर 3500 रुपये लूटे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना जीआरपी लुधियाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।